ज्ञानदेव आहूजा की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतला फूंका

ज्ञानदेव आहूजा की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतला फूंका
ज्ञानदेव आहूजा की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतला फूंका

अलवर (हिंस)। रामगढ़ से पूर्व विधायक और भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा द्वारा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन अंबेडकर सर्किल पर किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आहूजा का पुतला फूंका और भाजपा पर तीखा हमला बोला। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने टिप्पणी को निंदनीय बताते हुए कहा कि भाजपा ने अब तक आहूजा पर कोई कार्रवाई नहीं की है, जो चिंताजनक है। उन्होंने आहूजा से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी एक जिम्मेदार नेता को शोभा नहीं देती। इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव दीनबंधु शर्मा, विधायक मांगीलाल मीणा, रामगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी आर्यन जुबेर खान, राकेश बैरवा, विश्राम गुर्जर, योगेश मेहता, संजीव बारेठ, राजेश कृष्ण सिद्ध, पार्षद प्रीतम सिंह मेहंदीरत्ता समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए, जिससे अंबेडकर सर्किल पर दोनों ओर का यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया। कुछ देर बाद प्रदर्शनकारियों के हटने से ट्रैफिक सामान्य हो गया। भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा ने एक बयान में कथित तौर पर कहा था कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के मंदिर में प्रवेश से मंदिर अपवित्र हो गया। बयान के बाद तीखी आलोचना शुरू हो गई। बाद में आहूजा ने सफाई दी कि उन्होंने किसी नाम विशेष का उल्लेख नहीं किया, बल्कि सामान्य रूप से कांग्रेसी नेताओं की बात की थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ज्ञानदेव आहूजा की टिप्पणी को उनकी व्यक्तिगत राय बताते हुए कहा कि इसका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी आहूजा के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बयान सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचाने वाला है।

ज्ञानदेव आहूजा की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतला फूंका
ज्ञानदेव आहूजा की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतला फूंका