मुख्यमंत्री हिमंत ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अर्जुन राम मेघवाल और लोस अध्यक्ष से की मुलाकात

गुवाहाटी (हिंस)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने असम के हाइड्रोकार्बन उद्योग को मजबूत बनाने और उसका अधिकतम उपयोग करने के लिए केंद्रीय मंत्री से सहायता मांगी। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अगले साल फरवरी में एडवांटेज असम समिट में भाग लेने का निमंत्रण भी दिया। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्घेरिटा, राज्य और केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान मौजूद थे। बाद में सोशल मीडिया एक्स पर मुख्यमंत्री ने लिखा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ शानदार बैठक हुई। मैंने उन्हें एडवांटेज असम समिट 2025 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया और असम के हाइड्रोकार्बन उद्योग की पूरी क्षमता को मजबूत बनाने और उसका उपयोग करने के लिए उनकी सहायता मांगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात की। एक्स पर मुख्यमंत्री ने लिखा, लोकसभा अध्यक्ष के रूप में ओम बिरला जी ने हमेशा संसदीय परंपराओं को बनाए रखने के लिए विशिष्ट नेतृत्व और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है। आज संसद भवन में उनसे मिलकर खुशी हुई। इससे पहले, मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। एक्स पर मुख्यमंत्री ने लिखा कि आज नई दिल्ली में अपने आवास पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा दिए गए आतिथ्य के लिए आभारी हूं।

मुख्यमंत्री हिमंत ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अर्जुन राम मेघवाल और लोस अध्यक्ष से की मुलाकात