रोहित बनाएंगे सिंघम का तीसरा भाग, कर दी घोषणा

रोहित बनाएंगे सिंघम का तीसरा भाग, कर दी घोषणा

- सिंघम अगेन से अजय देवगन का फर्स्ट लुक जारी मुंबई (ईएमएस)। बालीवुड के निर्देशक रोहित शेट्टी ने अपनी सफल फ्रेंचाइजी सिंघम के तीसरे भाग को बनाने की घोषणा कर दी है। साथ ही उन्होंने अपने कॉप यूनिवर्स को एक साथ लाने का प्रयास शुरू कर दिया है। रोहित शेट्टी ने अपनी फिल्म के नायक सिंघम का लुक दर्शकों के सामने पेश किया है। दर्शकों को अजय देवगन के लुक का लम्बे समय से इंतजार था। रोहित शेट्टी ने अजय देवगन का लुक शेयर करते हुए लिखा- शेर आतंक मचाता है और जख्मी शेर तबाही। सबका फेवरेट पुलिसवाला। बाजीराव सिंघम वापस आ गया है। सिंघम अगेन । अजय देवगन का सिंघम अगेन से पहला लुक देखने के बाद प्रशंसक खासे उत्तेजित हो गए हैं। वह रोहित शेट्टी के पोस्ट पर ढेर सारे कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- सुपर सर । साथ में फायर इमोजी पोस्ट की, वहीं दूसरे ने लिखा- अब इंतजार नहीं हो रहा है। सिंघम अगेन को रोहित शेट्टी निर्देशित कर रहे हैं। ये सिंघम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। अजय देवगन बाजीराव सिंघम में किरदार में नजर आएंगे। अजय के इस किरदार को हमेशा पसंद किया गया है। अजय देवगन के अलावा करीना कपूर फिल्म में फीमेल लीड में नजर आएंगी। अजय ने हाल ही में करीना का लुक शेयर किया था। अजय ने फोटो शेयर करते हुए लिखा था- भयंकर, मजबूत और सिंघम की ताकत। अवनी सिंघम । फोटो में करीना हाथ में गन ताने नजर आ रही हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। करीना के अलावा फिल्म में दीपिका पादुकोण और टाइगर श्रॉफ भी नजर आने वाले हैं।