
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने मुस्लिमों का राजनीतिक समर्थन जुटाने की पहल की है। पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा ने ईद के मौके पर 32 लाख मुस्लिमों को विशेष किट बांटने की तैयारी की है। पार्टी ने इस अभियान को सौगात – ए- मोदी नाम दिया है। इस अभियान के तहत मोर्चा के 32 हजार कार्यकर्ता देश भर की 32 हजार मस्जिदों से संपर्क करके जरूरतमंदों तक पहुंचेंगे। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने बताया कि दिल्ली के निजामुद्दीन से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सौगात ए मोदी अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य गरीब मुस्लिम परिवारों को लाभान्वित करना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के ईद का त्योहार मना सकें। जमाल सिद्दीकी ने कहा कि रमजान के पाक महीने से शुरू हो रहा यह अभियान ईद, गुड फ्राइडे, ईस्टर और भारतीय नववर्ष के मौके पर भी अल्पसंख्यकों तक पहुंचेगा। इसके अलावा जिला स्तर पर ईद मिलन समारोह आयोजित किए जाएंगे। अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता यासिर जिलानी ने सौगात ए मोदी अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मुस्लिम समुदाय तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना है। साथ ही भाजपा और एनडीए के लिए मुस्लिमों का राजनीतिक सहयोग जुटाना है । इस अभियान के जरिये भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा 32 लाख मुस्लिम परिवारों तक पहुंचेगा । सौगात ए मोदी अभियान के तहत दी जानी वाली किट में विभिन्न सामान दिए गए हैं। किट में कपड़े, सेवई, मेवा, मिठाई शामिल है। महिला किट में सूट और पुरुष किट में कुर्ता पजामा शामिल किया गया। सूत्र बताते हैं कि एक किट की कीमत 500 से 600 रुपए है।
