
गुवाहाटी (हिंस) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को बजट सत्र के अंतिम दिन विधानसभा में चर्चा का जवाब दिया। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने असम विधानसभा में उपाध्यक्ष व वरिष्ठ जनजातीय नेता डॉ. नोमल मोमिन पर हमला सिर्फ इसलिए किया क्योंकि वे उनके विचारों से सहमत नहीं थे। विधानसभा उपाध्यक्ष पर कांग्रेस विधायकों का हमला दुर्भाग्यपूर्ण है। अपने जवाब में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि असम में उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था में कई सुधार किए हैं, लेकिन कुछ जिले ऐसे हैं, जहां स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक, बाइक चोरी और अन्य अपराध आम हो गए हैं। अगर इन इलाकों या लोगों का नाम लिया जाए, तो कुछ लोग फिर से विरोध करने लगेंगे। डॉ. शर्मा ने कांग्रेस शासनकाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उस समय हर जगह घोटालों की खबरें अखबारों में छपती थीं। चाहे धोती – कंबल वितरण हो या ट्रांसफर-पोस्टिंग, हर प्रक्रिया में भ्रष्टाचार फैला था, लेकिन उनकी सरकार ने अब सभी क्षेत्रों में पारदर्शिता सुनिश्चित की है। उन्होंने घोषणा की कि मई महीने में उनकी सरकार एक ही दिन में आठ हजार ट्रांसफर आदेश जारी करेगी।
